रायगढ़: जिले के संबलपुरी के पास स्थित राजस्व जंगल में दो ग्रामीणों की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतकों की पहचान पुनीलाल यादव उर्फ मंत्री यादव (51 वर्ष) और संदीप उरांव (24 वर्ष) के रूप में हुई है। यह मामला चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का है।
शिकार पर गए थे सात लोग:
जानकारी के अनुसार, 9 दिसंबर की सुबह करीब 4 बजे सात ग्रामीण शिकार के लिए जंगल गए थे। शाम तक सभी लौट आए, लेकिन पुनीलाल यादव और संदीप उरांव घर नहीं पहुंचे। परिजनों ने दो दिन तक तलाश की, इसके बाद 12 दिसंबर की शाम थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई।
अगले दिन मिली लाश:
शिकायत के अगले दिन दोनों की लाश जंगल में मिलने की सूचना मिली। ग्राम बेरला के कोटवार सौकीलाल सारथी ने आरोप लगाया है कि शिकार पर गए सात लोगों में से बाकी सभी लौट आए थे, लेकिन किसी ने भी दोनों ग्रामीणों की जानकारी नहीं दी।
करंट लगने से मौत की आशंका:
प्राथमिक जांच में करंट लगने से मौत की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि मृतकों के साथ गए कुछ लोगों ने घटना की जानकारी छिपाई। एक मृतक के हाथ पर जलने के निशान भी पाए गए हैं।
4 हिरासत में, 1 की तलाश जारी:
मामले में पुलिस ने चार ग्रामीण युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि एक संदिग्ध की तलाश जारी है।
पुलिस और वन अमला मौके पर:
13 दिसंबर की सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। दोनों शव झाड़ियों के बीच पाए गए। मृतक ग्राम छोटे रेगड़ा के निवासी बताए गए हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है।
