भिलाईनगर: दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई जब चंद्रा मौर्या टॉकीज अंडर ब्रिज के पास बोरे में बंद एक अज्ञात महिला की लाश बरामद की गई। घटना की सूचना मिलते ही सुपेला पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
राहगीरों ने दी पुलिस को सूचना:
सुपेला थाना प्रभारी विजय यादव ने बताया कि सुबह करीब 9 बजे अंडर ब्रिज के पास से गुजर रहे राहगीरों ने बोरे में बंद शव देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम:
मौके पर पहुंची पुलिस ने अवलोकन के दौरान बोरे में बंद महिला का शव बरामद किया। महिला की फिलहाल शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हत्या की आशंका:
पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर हत्या की आशंका जताई है। महिला कौन है, कहां की रहने वाली है और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई—इन सभी बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है।
फिलहाल सुपेला पुलिस मामले की गहन विवेचना में जुटी हुई है।
