डॉक्टर ने बताए कैंसर के 5 खामोश संकेत, अनदेखी पड़ी भारी तो जान पर बन सकता है खतरा

शरीर देता है पहले से चेतावनी

हेल्थ डेस्क: हमारा शरीर किसी मशीन की तरह लगातार संकेत देता रहता है कि अंदर कुछ ठीक नहीं चल रहा। लेकिन अक्सर लोग हल्के दर्द, थकान या असामान्य बदलावों को नजरअंदाज कर देते हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक यही छोटी-छोटी अनदेखी आगे चलकर गंभीर बीमारियों की वजह बन सकती है। हार्वर्ड-प्रशिक्षित डॉक्टर और Eat To Beat Your Diet किताब के लेखक डॉ. विलियम ली ने ऐसे ही शरीर के 5 खामोश संकेत बताए हैं, जो समय रहते पहचान लिए जाएं तो जान बचाई जा सकती है।

1. शौच के दौरान खून आना

अगर शौच करते समय चमकदार लाल खून दिखाई दे, तो इसे केवल बवासीर समझकर टालना खतरनाक हो सकता है। यह कोलन कैंसर या गुदा कैंसर की शुरुआती चेतावनी भी हो सकती है। ऐसे लक्षण दिखते ही डॉक्टर से जांच कराना जरूरी है।

2. बिना चोट त्वचा से खून या तिल में बदलाव

बिना किसी घाव के त्वचा से खून आना या तिल-निशानों का रंग, आकार या बनावट बदलना मेलानोमा (त्वचा कैंसर) का संकेत हो सकता है। विशेषज्ञ नियमित स्किन चेकअप की सलाह देते हैं, जिससे बीमारी की समय रहते पहचान हो सके।

3. लार या थूक में खून आना

लार में खून आना सामान्य बात नहीं है। यह गले, मुंह या फेफड़ों के कैंसर की चेतावनी हो सकती है। अक्सर लोग इसे ब्रश करते समय लगी चोट समझकर अनदेखा कर देते हैं, जो खतरनाक साबित हो सकता है।

4. पेशाब में खून आना (Hematuria)

पेशाब में खून दिखना गंभीर संकेत है। यह मूत्राशय, किडनी इंफेक्शन या मूत्राशय कैंसर का लक्षण हो सकता है। इस स्थिति में देरी किए बिना चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है।

5. योनि मार्ग से असामान्य रक्तस्राव

मेनोपॉज के बाद ब्लीडिंग या पीरियड्स के बीच असामान्य रक्तस्राव को बिल्कुल नजरअंदाज न करें। यह सर्वाइकल या गर्भाशय कैंसर की ओर इशारा कर सकता है। ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत स्त्री रोग विशेषज्ञ से संपर्क करें।

समय पर जांच से बच सकती है जान

डॉ. विलियम ली का कहना है कि ये लक्षण हमेशा कैंसर की पुष्टि नहीं करते, लेकिन इन्हें हल्के में लेना जानलेवा साबित हो सकता है। समय पर जांच, सही इलाज और जागरूकता ही गंभीर बीमारियों से बचाव का सबसे बड़ा हथियार है।