25 टन अवैध कबाड़ से भरी ट्रक पकड़ी गई, चालक गिरफ्तार

जूटमिल थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 28 लाख का कबाड़ जब्त

रायगढ़: जूटमिल थाना पुलिस ने अवैध कबाड़ परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 टन से अधिक अवैध कबाड़ से भरी ट्रक पकड़ी है। घटना 10-11 दिसंबर की देर रात की है, जब थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव अहेर के नेतृत्व में गश्ती टीम ने वाहन को छातामुड़ा चौक के पास घेराबंदी कर रोका। मामले में ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।

मुखबिर की सूचना पर की गई कार्रवाई

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से रायगढ़ की ओर हरे इंजन और कत्थई बॉडी वाले ट्रक में भारी मात्रा में लोहे के पार्ट्स सहित अवैध कबाड़ लाया जा रहा है। इसी आधार पर टीम ने छातामुड़ा चौक पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया।

रात करीब 2 बजे मुखबिर के बताए हुलिए से मेल खाता ट्रक (क्रमांक CG 08 L 3947) ओडिशा की ओर से आता दिखाई दिया। पुलिस ने वाहन रोककर चालक से पूछताछ की। उसने अपना नाम दिलीप कुमार यादव, निवासी मिल्की सिकरिया, थाना जहानाबाद (बिहार) बताया।

25,530 किलो कबाड़ बरामद

गवाहों की उपस्थिति में ट्रक की तलाशी लेने पर डाला बॉडी में बड़े पैमाने पर लोहे के पार्ट्स और कबाड़ भरा हुआ मिला। चालक इसके संबंध में कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका और न ही संतोषजनक जवाब दे पाया।

इसके बाद पुलिस ने ट्रक को धर्मकांटा ले जाकर तौल कराया—

  • कुल वजन: 34,980 किग्रा

  • वाहन का वजन: 9,450 किग्रा

  • कबाड़ का वजन: 25,530 किग्रा

बरामद कबाड़ और वाहन की कुल अनुमानित कीमत लगभग 28 लाख रुपये आँकी गई है।

चालक पर मामला दर्ज

थाना जूटमिल में आरोपी चालक के खिलाफ इस्तगासा क्रमांक 03/25 दर्ज कर धारा 35(क)(ड) BNSS और 303(2) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी इंस्पेक्टर प्रशांत राव अहेर के साथ प्रधान आरक्षक वीरेंद्र भगत, आरक्षक सुरेंद्र कुमार बंशी और धनेश्वर भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।