जशपुर में दुष्कर्म का मामला—शेप-शॉप प्राइवेट कंपनी का अधिकारी गिरफ्तार

शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण, दो बार कराया गर्भपात

जशपुर: जिले में दुष्कर्म का एक गंभीर मामला सामने आया है। शेप-शॉप प्राइवेट कंपनी में डायमंड रैंक पर काम करने वाले नागेंद्र उरांव को जशपुर पुलिस ने रांची (झारखंड) से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने कंपनी के प्रोडक्ट बेचने के नाम पर युवती से जान-पहचान बढ़ाई और शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। जबकि आरोपी पहले से शादीशुदा है और यह बात उसने युवती से छिपाए रखी।

जान-पहचान से शुरू हुआ शोषण

35 वर्षीय पीड़िता, जो जशपुर जिले के एक बालक आश्रम में स्वीपर के पद पर कार्यरत है, ने 17 अक्टूबर को सन्ना थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वर्ष 2023 में उसकी दीदी, जो ‘शेप-शॉप’ कंपनी से जुड़ी थीं, ने प्रोडक्ट बेचने के सिलसिले में आरोपी नागेंद्र उरांव से उसकी बातचीत कराई। इसके बाद आरोपी लगातार कंपनी के काम के बहाने पीड़िता के संपर्क में आता-जाता रहा।

सितंबर 2023 में आरोपी पीड़िता के घर रात में रुका। उसी रात उसने प्यार और शादी का भरोसा देकर जबरन दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी समय-समय पर पीड़िता से मिलता रहा और शारीरिक शोषण करता रहा।

दो बार कराया गर्भपात

शोषण के दौरान पीड़िता दो बार गर्भवती हुई, लेकिन आरोपी नागेंद्र ने दोनों बार उसका गर्भपात करा दिया। इसी बीच पीड़िता को पता चला कि आरोपी पहले से शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं। जब पीड़िता ने शादी के लिए दबाव डाला तो आरोपी उसे छोड़कर झारखंड भाग गया।

आरोपी रांची से गिरफ्तार

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सन्ना थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 376 IPC और बीएनएस की धारा 69 के तहत अपराध दर्ज किया। फरार आरोपी को जशपुर पुलिस की टीम ने रांची से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।