चार शादियों का खुलासा, करोड़ों की ठगी में फँसा 55 वर्षीय ठग
दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पहली बार लुटेरा दूल्हा पकड़ा गया है, जो अब तक चार शादियां कर चुका है और कई महिलाओं को करोड़ों रुपये का चूना लगा चुका है। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने गुजरात निवासी 55 वर्षीय बीरेंद्र कुमार सोलंकी को दुर्ग रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया है। आरोपी का शिकार प्रायः उम्रदराज अविवाहित या तलाकशुदा महिलाएं थीं।
मेट्रोमोनियल साइट से हुई थी मुलाकात
दुर्ग की एक अधेड़ शिक्षिका ने मोहन नगर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, वर्ष 2019 में पीड़िता की मुलाकात आरोपी से एक मेट्रोमोनियल साइट के जरिए हुई थी। आरोपी अखबारों में भी शादी के विज्ञापन देता था और खुद को कुंवारा, इंजीनियर और प्राइवेट कंपनी में कार्यरत बताता था।
पीड़िता उसके झांसे में आ गई और गुजरात जाकर उससे मिलने भी लगी। आरोपी ने उसे लिव-इन रिलेशन के लिए मना लिया, जहाँ दोनों करीब तीन साल तक पति-पत्नी की तरह रहे।
दुर्ग के होटल में की शादी, 45 लाख की ठगी
आरोपी ने रिश्ते को आगे बढ़ाते हुए वर्ष 2023 में दुर्ग के एक होटल में पूरी रीति-रिवाज से शादी का नाटक रचाया। इसके बाद गुजरात में मकान खरीदने का झांसा देकर पीड़िता से—
-
32 लाख रुपये नगद,
-
12 लाख रुपये,
-
और 1 लाख के जेवर अलमारी से चोरी कर लिए।
पीड़िता ने बैंक लोन और गोल्ड लोन लेकर कुल 45 लाख रुपये आरोपी को दिए। बाद में उसे ठगी का एहसास हुआ।
ठगी के बाद फिर की शादी, डॉक्टर बनी शिकार
पीड़िता को संदेह होने पर जब वह खुद गुजरात पहुंचकर जानकारी जुटाने लगी तो पता चला कि आरोपी पहले ही—
-
दो शादियां कर चुका है,
-
गुजरात में एक सरकारी डॉक्टर से भी शादी कर ली है,
-
और IVF के जरिए उससे दो जुड़वां बच्चे भी हैं।
तलाकशुदा और उम्रदराज महिलाओं पर था निशाना
जांच में सामने आया है कि आरोपी खासतौर पर तलाकशुदा, उम्रदराज या अकेली महिलाओं को अपना शिकार बनाता था। उनके साथ भावनात्मक रिश्ता बनाकर उनसे भारी रकम ठग लेता था।
आरोपी गिरफ्तार, अन्य पीड़ितों की तलाश
मोहन नगर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ चोरी और ठगी का अपराध दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि कहीं और भी महिलाएं तो इस शातिर के चंगुल में नहीं फँसी हैं।
