बाल सुधार गृह से 7 नाबालिग फरार, 4 गिरफ्तार — 3 अब भी लापता, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

दुर्ग: पुलगांव स्थित बाल सुधार गृह से 7 बाल अपराधी भाग निकले, जिससे प्रशासन में हड़कंप मच गया। यह घटना 28 नवंबर की रात हुई। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और 4 नाबालिगों को पकड़ लिया, जबकि 3 बच्चे अब भी फरार हैं। बताया जा रहा है कि ये बच्चे जिले से बाहर निकल चुके हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।

यह घटना कोई पहली नहीं है। एक महीने में यह दूसरी बार है जब पुलगांव बाल संप्रेक्षण गृह से बच्चे फरार हुए हैं। इससे पहले 3 नवंबर को भी 3 नाबालिग यहां से भाग निकले थे। इस तरह की बार-बार होने वाली घटनाओं ने सुधार गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

बाल सुधार गृह का संचालन महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा किया जाता है। लगातार घटनाओं के बावजूद सुरक्षा में सुधार नहीं होने पर अधिकारियों की लापरवाही उजागर हो रही है। बताया गया कि फरार नाबालिगों में हत्या, लूट जैसे गंभीर अपराधों में शामिल बच्चे भी हैं।

पुलिस अब शेष 3 फरार नाबालिगों की तलाश तेज कर चुकी है, वहीं सुधार गृह की सुरक्षा व्यवस्था फिर एक बार कटघरे में खड़ी हो गई है।