रायपुर: सिलतरा इलाके में एक मोबाइल शॉप में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। चोर देर रात दुकान की पीछे की दीवार में छेद कर अंदर घुसे और अलग-अलग कंपनियों के कुल 57 स्मार्टफोन चोरी कर ले गए। घटना उस समय हुई जब दुकान मालिक परिवार में शादी में शामिल होने के लिए दुकान बंद कर दुर्ग गया था।
दुकान संचालक हेमंत वर्मा ने बताया कि वे अपने भाई के साथ पुराना बस स्टैंड स्थित अटल व्यवसायिक परिसर में मोबाइल शॉप चलाते हैं। 27 नवंबर की दोपहर करीब 3 बजे दोनों दुकान में ताला लगाकर शादी में शामिल होने चले गए थे। अगले दिन सुबह जब दुकान खोली, तो रैक खाली मिले और सारा सामान बिखरा हुआ था।
पीछे जाकर देखने पर पता चला कि चोरों ने दीवार में बड़ा गोलाकार छेद बनाकर अंदर प्रवेश किया और मोबाइल चोरी कर ले गए। सूचना पर मौके पर पहुंची धरसींवा पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और व्यापारी की शिकायत पर FIR दर्ज कर ली है।
पीड़ित व्यापारी ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
