जीएपी प्लांट में अचानक हुई आग, पुलिस ने एक घायल की पुष्टि की—जांच जारी
कोरबा: बालको संयंत्र में सोमवार देर शाम बड़ा हादसा हो गया। ग्रीन एनोड प्लांट (GAP) में अचानक ब्लास्ट होने के बाद आग भड़क उठी, जिसकी चपेट में आने से तीन कर्मचारियों के झुलसने की सूचना सामने आई है। सभी घायलों को तत्काल बालको के विभागीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हालांकि, हादसे में कुल कितने श्रमिक घायल हुए—इसकी आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हो पाई है। पुलिस के अनुसार उन्हें केवल एक श्रमिक, रविशंकर यादव (निवासी बिहार) के घायल होने की जानकारी दी गई है। अस्पताल में उनका उपचार जारी है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम लगभग 6 बजे अचानक हुए ब्लास्ट से संयंत्र में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने प्रभावित श्रमिकों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
घटना के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संयंत्र प्रबंधन ने जांच शुरू कर दी है, जिसके बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों और कुल प्रभावित कर्मचारियों की संख्या का खुलासा हो सकेगा।
