नक्सली नेता देवजी की गिरफ्तारी पर पर्चा वायरल, 30 नवंबर को भारत बंद का ऐलान

नक्सली नेता देवजी की गिरफ्तारी पर पर्चा वायरल, 30 नवंबर को भारत बंद का ऐलान

नक्सल संगठन ने आंध्र पुलिस पर फर्जी मुठभेड़ का आरोप लगाते हुए देवजी और अन्य साथियों को कोर्ट में पेश करने की मांग की

बीजापुर। दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी के प्रवक्ता विकल्प के नाम से नक्सलियों द्वारा एक पर्चा जारी किया गया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस पर्चे में दावा किया गया है कि नक्सली लीडर देवजी को आंध्र प्रदेश पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनके साथ करीब 50 अन्य साथियों के पकड़े जाने की बात भी कही गई है। नक्सल संगठन ने मांग की है कि पुलिस देवजी सहित सभी गिरफ्तार साथियों को जल्द से जल्द कोर्ट में पेश करे।

पर्चे में नक्सलियों ने आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सितारामा राजू जिले में 18 और 19 नवंबर को हुई कथित मुठभेड़ को फर्जी करार दिया है। संगठन का आरोप है कि पुलिस ने मुठभेड़ की कहानी गढ़ी है, जबकि वास्तव में हिड़मा सहित 13 नक्सलियों को गिरफ्तार कर उनकी हत्या की गई है। इस घटना की जांच सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश से कराने की मांग भी की गई है।

नक्सलियों ने 13 साथियों के मारे जाने के विरोध में 30 नवंबर को भारत बंद का ऐलान किया है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया है कि बंद के दौरान अस्पताल, एंबुलेंस और दूध वाहनों को छूट दी जाएगी। पर्चे में कोसा दादा और राजू दादा की हत्या का आरोप भी पुलिस पर लगाया गया है।

उधर, बस्तर रेंज के IG सुंदरराज पी लगातार नक्सलियों से हिंसा छोड़कर मुख्यधारा में लौटने की अपील कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि माओवादियों के पास अब एक ही रास्ता बचा है—समय रहते सरेंडर कर दें, क्योंकि हिंसा से केवल विनाश ही मिलता है।