घरेलू काम करवाने और छात्राओं से दुर्व्यवहार के आरोप में हेडमास्टर निलंबित
शराब पीकर स्कूल आने, अश्लील टिप्पणियां करने और शिक्षिकाओं को धमकाने जैसी गंभीर शिकायतों के बाद कार्रवाई
जशपुर। शासकीय माध्यमिक शाला, सुरंगपानी (विकासखंड पत्थलगांव) में पदस्थ प्रधान पाठक गणेश राम चौहान को गंभीर आरोपों के बाद निलंबित कर दिया गया है। उन पर छात्राओं का मानसिक उत्पीड़न, अश्लील बातचीत, गाली-गलौज, शराब के नशे में स्कूल आने और विद्यार्थियों से घरेलू काम करवाने जैसे गंभीर आरोप लगे थे।
छात्राओं को घर बुलाकर करवाते थे काम
मुख्य आरोप यह है कि हेडमास्टर छात्राओं को अपने घर बुलाकर उनसे कपड़े धुलवाने और अन्य घरेलू काम करवाया करते थे। विरोध करने पर स्कूल में ही अपमानित और प्रताड़ित किया जाता था।
दो महिला शिक्षिकाओं ने भी प्रधान पाठक पर दुर्व्यवहार और उन्हें बस्तर ट्रांसफर कराने की धमकी देने की शिकायत की थी।
दर्जनों नाबालिग आदिवासी छात्राओं की शिकायत
गांव की दो दर्जन से अधिक आदिवासी छात्राओं ने लिखित शिकायत में बताया कि प्रधान पाठक चौहान स्कूल में अक्सर शराब के नशे में आते थे, मुंह से शराब की तेज गंध आती थी और क्लास के दौरान अश्लील टिप्पणियां करते थे।
छात्राओं के बयानों में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए, जिनसे स्कूल परिसर में भय और असुरक्षा का माहौल था।
शिक्षिकाओं और छात्राओं ने की संयुक्त शिकायत
बालिकाओं और शिक्षिकाओं ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुरنگपानी के प्राचार्य तुलाराम दिनकर को लिखित शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की। प्राचार्य ने मामला जिला शिक्षा अधिकारी व ब्लॉक शिक्षा अधिकारी पत्थलगांव तक भेजा।
जांच टीम ने किया खुलासा
बीईओ ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एक जांच टीम गठित की।
टीम ने छात्राओं और महिला शिक्षिकाओं के बयान दर्ज किए, जिनमें सभी ने प्रधान पाठक के दुर्व्यवहार की पुष्टि की। छात्रों ने भी बताया कि हेडमास्टर शराब पीकर क्लास लेने आते थे और बात करने पर उल्टा धमकाते थे।
कार्रवाई में हुई देरी पर बढ़ा आक्रोश
जांच रिपोर्ट जमा होने के बावजूद लगभग पखवाड़ेभर कार्रवाई नहीं होने से छात्राओं और अभिभावकों में आक्रोश फैल रहा था। इसके बाद शिक्षा विभाग ने प्रधान पाठक गणेश राम चौहान को निलंबित करने का निर्णय लिया।
मामला उजागर होने के बाद क्षेत्र में हड़कंप है और ग्रामीणों ने मांग की है कि ऐसी घटनाओं पर सख्त निगरानी और कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
