जंगल में घंटों गूंजती गोलियों के बीच… घायल जवान ने तोड़ी अंतिम सांस — डोंगरगढ़ से आई दहला देने वाली खबर

डोंगरगढ़। राजनांदगांव जिले के बोरतालाब थाना क्षेत्र के कनघुर्रा जंगल में नक्सलियों के साथ हुई भीषण मुठभेड़ में घायल जवान आशीष शर्मा ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। उनकी शहादत की खबर मिलते ही सुरक्षा बलों और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

सूत्रों के मुताबिक, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम नियमित सर्चिंग ऑपरेशन पर जंगल में थी। तभी घात लगाए बैठे नक्सलियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। पहले ही हमले में जवानों को खुद को बचाते हुए जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी। देखते ही देखते जंगल कई घंटों तक तालियों नहीं… गोलियों की गूंज से दहल उठा।

मुठभेड़ के दौरान जवान आशीष शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। साथी जवानों ने उन्हें तुरंत डोंगरगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों की कोशिशें नाकाम रहीं और उन्होंने अंतिम सांस ली।

घटना की आधिकारिक पुष्टि का इंतज़ार है, लेकिन फिलहाल इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती कर सर्चिंग और भी तेज कर दी गई है। जवान की शहादत से न सिर्फ बल में, बल्कि पूरे क्षेत्र में गम और आक्रोश का माहौल है। इस बीच घायल जवान की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी और डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता बघेल भी अस्पताल पहुँचीं।