कोयला घोटाले का कमीशन बृहस्पति सिंह को भी जाता था : कांग्रेस नेता का दावा
अंबिकापुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक का पलटवार – बोले, हर महीने सूर्यकांत तिवारी से मिलते थे लाखों रुपए
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में इन दिनों कोयला घोटाले और कांग्रेस में कथित लेन-देन के आरोपों को लेकर घमासान मचा हुआ है। इसी बीच अंबिकापुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उन्हें और चिंतामणि महाराज को कोयला घोटाले के आरोपी सूर्यकांत तिवारी से हर महीने 5 से 7 लाख रुपए मिलते थे।
दरअसल, कांग्रेस से निष्कासित पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह ने हाल ही में पार्टी की प्रभारी सचिव जरिता लैटफलांग पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष पद के दावेदारों से 5-7 लाख रुपए लेकर नियुक्ति करने का आरोप लगाया था। इस आरोप के बाद पार्टी में हलचल तेज हो गई थी।
इसी पर प्रतिक्रिया देते हुए बालकृष्ण पाठक ने कहा कि “बृहस्पति सिंह रिमोट से संचालित नेता हैं, उनके आरोपों के पीछे किसी और का दिमाग है।” उन्होंने आगे कहा कि “ईडी द्वारा जब्त की गई सूर्यकांत तिवारी की डायरी में यह स्पष्ट लिखा है कि बृहस्पति सिंह और चिंतामणि महाराज को हर महीने 5-7 लाख रुपए दिए जाते थे। शायद इसी वजह से वे हर जगह 5-7 लाख रुपए की बात करते हैं।”
कांग्रेस के भीतर इस बयान से हलचल और तेज हो गई है। वहीं राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि इस आरोप-प्रत्यारोप से कोयला घोटाले की जांच और कांग्रेस संगठन दोनों पर नए सवाल खड़े हो रहे हैं।
