मनेंद्रगढ़। क्षेत्र के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। स्थानीय विधायक एवं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की पहल पर हसदेव नदी पर पाराडोल एनीकट निर्माण की स्वीकृति मिल गई है। जल संसाधन विभाग ने इस परियोजना के लिए 10 करोड़ 4 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है।
इस योजना से मनेंद्रगढ़ क्षेत्र के लगभग 80 हेक्टेयर भूमि को निस्तारी, पेयजल आपूर्ति, भूजल संवर्धन और किसानों को स्वयं के साधन से सिंचाई की सुविधा मिलेगी। परियोजना से कृषि उत्पादन बढ़ेगा और जल संसाधनों के बेहतर उपयोग को बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय किसानों को बड़ी राहत मिलेगी।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त किया। वहीं, स्थानीय जनता ने भी इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर विधायक तथा कैबिनेट मंत्री जायसवाल के प्रति आभार जताया।
मंत्री जायसवाल ने कहा कि “पाराडोल एनीकट का निर्माण न केवल सिंचाई और पेयजल की समस्या को दूर करेगा, बल्कि यह परियोजना भूजल स्तर बढ़ाने और ग्रामीण विकास की दिशा में एक नया अध्याय जोड़ेगी।”
