प्रधानपाठक के कॉल पर मिलने पहुंची महिला बनी छेड़छाड़ की शिकार

अकलतरा पुलिस ने आरोपी प्रधानपाठक जगन्नाथ पाटले को किया गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल

जांजगीर-चांपा। जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में आरोपी प्रधानपाठक जगन्नाथ पाटले को उसके गृहग्राम बम्हनीन से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74 और 79 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, अकलतरा क्षेत्र की पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि प्रधानपाठक जगन्नाथ पाटले ने उसे फोन कर आपत्तिजनक बातें कीं और बाद में स्टेशन के पास मिलने के लिए बुलाया। महिला जब वहां पहुंची, तो आरोपी ने छेड़छाड़ की कोशिश की। महिला के विरोध करने पर आरोपी मौके से फरार हो गया।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी प्रधानपाठक को बम्हनीन गांव से गिरफ्तार किया। बताया गया है कि वह बलौदा क्षेत्र के झपेली गांव के स्कूल में प्रधानपाठक के पद पर पदस्थ था। फिलहाल आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

You missed