दिल्ली एटीसी सिस्टम में खराबी का असर, रायपुर की कई उड़ानें रहीं लेट

इंडिगो समेत कई फ्लाइट आधे से डेढ़ घंटे विलंबित, रविवार से संचालन सामान्य होने की उम्मीद

रायपुर। दिल्ली एयरपोर्ट के एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) सिस्टम में आई तकनीकी खराबी का असर दूसरे दिन भी जारी रहा। इसका सीधा प्रभाव रायपुर समेत देश के कई हिस्सों में उड़ानों के संचालन पर पड़ा। शनिवार को रायपुर आने-जाने वाली इंडिगो सहित कई उड़ानें आधे से डेढ़ घंटे की देरी से संचालित हुईं।

सूत्रों के अनुसार, दिल्ली एयरपोर्ट का एटीसी सिस्टम तकनीकी गड़बड़ी के कारण बाधित हो गया था, जिससे देश और विदेश की उड़ानों पर असर पड़ा। खराबी के चलते शुक्रवार से ही विमान संचालन प्रभावित रहा और शनिवार को भी स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाई।

शनिवार को दिल्ली से रायपुर आने वाली सुबह 8:45 बजे की फ्लाइट अपने निर्धारित समय से 30 मिनट, दोपहर 12:15 की फ्लाइट 30 मिनट, जबकि 2:20 बजे आने वाली फ्लाइट 40 मिनट विलंब से पहुंची। इसी तरह दोपहर 1:45 की उड़ान सवा 3 बजे, शाम 5:30 की फ्लाइट सवा 6 बजे, रात 8 बजे की फ्लाइट पौने 9 बजे और रात 9:20 की उड़ान रात करीब पौने 11 बजे रायपुर विमानतल पर उतरी।

इसके अलावा, गोवा से आने वाली फ्लाइट साढ़े 4 घंटे विलंब से रायपुर पहुंची। अहमदाबाद-रायपुर उड़ान सवा घंटे, इंदौर की फ्लाइट आधा घंटा, पुणे-रायपुर 1 घंटे और मुंबई-रायपुर फ्लाइट सवा घंटे देरी से संचालित हुईं।

विमानन सूत्रों का कहना है कि एटीसी सिस्टम में आई खराबी को अब ठीक कर लिया गया है, और रविवार से विमानों की आवाजाही सामान्य होने की उम्मीद है।

You missed