प्रदेशभर में गहराई सर्दी, मौसम विभाग ने तापमान में और गिरावट की दी चेतावनी
रायपुर। राजधानी रायपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में अब ठंड ने पूरी तरह से दस्तक दे दी है। बीते दो दिनों से तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। रायपुर के बूढ़ा तालाब क्षेत्र में शनिवार सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता कम हो गई और ठिठुरन का एहसास बढ़ गया। लोग अब गरम कपड़े पहनकर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट होगी। रायपुर, बिलासपुर, बलरामपुर, दंतेवाड़ा, सरगुजा और कोरबा सहित कई जिलों में पारा नीचे जा सकता है। इसके साथ ही प्रदेश के कुछ हिस्सों में तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
विभाग ने यह भी बताया कि, चक्रवाती तूफ़ान ‘मोंथा’ का असर भले ही अब खत्म हो चुका है, लेकिन उसके बाद का मौसम परिवर्तन अब ठंड को और बढ़ाएगा। कई इलाकों में हल्की बारिश और हवाएं भी चल सकती हैं।
मौसम विभाग ने जनता से अपील की है कि लोग बिना ज़रूरत घर से बाहर न निकलें और गरम कपड़ों के साथ बारिश से बचने के इंतज़ाम करके ही बाहर जाएं, क्योंकि आने वाले दिनों में सर्दी और बढ़ने के आसार हैं।