छत्तीसगढ़ में सड़क सुधार कार्य में तेजी, सरगुजा के 30 मार्गों पर मरम्मत जारी

रायपुर। राज्य सरकार के सुगम और सुरक्षित सड़कों वाले संकल्प को साकार करने के लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क मरम्मत और सुधार कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। सरगुजा जिले में विभाग ने कुल 30 मार्गों पर 195 किलोमीटर लंबाई में बी.टी. पैच रिपेयर का कार्य शुरू किया है, जिसके लिए 654.85 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार, सभी मार्गों को 6 समूहों में विभाजित कर निविदा प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है और कार्यादेश जारी हो चुके हैं। अब तक लहपटरा–बेलखरिखा, जमगला एप्रोच, अमगसी–चैनपुर, टपरकेला–धनपुरी, जरहाडांड़–मुन्दाराडांड़ और मेण्ड्रा–हरिहरपुर–शिवपुर–करजी मार्गों पर कार्य पूरा हो चुका है। वर्तमान में अम्बिकापुर–प्रतापपुर, केदमा–बनकेसमा और दरिमा–बड़ेदमाली–लखनपुर मार्गों पर मरम्मत कार्य तेजी से जारी है। अब तक 53 किलोमीटर की मरम्मत पूरी हो चुकी है और शेष 142 किलोमीटर का कार्य दिसंबर 2025 तक पूर्ण करने का लक्ष्य है।

लोक निर्माण विभाग ने कहा कि सभी कार्य गुणवत्ता और मानक के अनुरूप किए जा रहे हैं और नियमित निरीक्षण एवं मॉनिटरिंग की जा रही है। इन सुधार कार्यों से सरगुजा सहित आसपास के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में सड़क संपर्क मजबूत होगा, आम नागरिकों को सुरक्षित एवं निर्बाध यात्रा सुविधा मिलेगी और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।