सरगुजा में मजदूर की निर्मम हत्या, मृतक का साथी फरार

सरगुजा। मैनपाट कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कुदारीडीह में एक मजदूर की पत्थर से हमला कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक राजू कर्मकार, जो पश्चिम बंगाल से सेंट्रिंग का काम करने आए थे, को 4 नवंबर की तड़के सुबह सड़क किनारे मृत पाया गया।

ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मैनपाट कमलेश्वरपुर पुलिस और FSL टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया। जांच में पता चला कि राजू कर्मकार और उसका साथी चंदन मंडल शराब पीकर झगड़ते हुए ग्रामीणों की नजर में आए थे। हत्या के बाद चंदन मंडल फरार हो गया।

पुलिस मृतक के साथी की तलाश में जुट गई है। सीतापुर SDOP राजेंद्र मंडावी ने बताया कि संभवतः हत्या चंदन मंडल ने ही की है। पुलिस ने CDR और मुखबिर के माध्यम से उसकी गिरफ्तारी की तैयारी की है ताकि मामले की गुत्थी सुलझाई जा सके।

अभी तक आरोपी फरार है और पुलिस इस हत्या की जांच में पूरी तरह लगी हुई है। स्थानीय लोगों की निगाहें इस बात पर हैं कि कब तक मैनपाट पुलिस इस निर्मम हत्या की गुत्थी सुलझा पाएगी।