कटघोरा, कोरबा: कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र के सुतर्रा के पास एनएच-31 पर तेज रफ्तार बलेनो कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में एक युवक विजय वर्मा (29) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी लोग खैरागढ़ से अंबिकापुर जा रहे थे। मृतक विजय वर्मा की शादी को केवल एक साल ही हुआ था। घायल लोगों में तिलेश्वर वर्मा (32), मकुंदी वर्मा (49), अशोक वर्मा (35) और संजय वर्मा (35) शामिल हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां तिलेश्वर की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसा उस स्थान पर हुआ जहां सड़क पर डिवाइडर की वजह से अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। हालांकि, यातायात पुलिस ने पहले भी डिवाइडर हटाने के लिए एनएच प्रबंधन को पत्राचार किया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
कटघोरा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक और घायलों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
