बिलासपुर जोन के रेलवे अधिकारी राजेंद्र अग्रवाल बने UPSC में अतिरिक्त सचिव
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी राजेंद्र कुमार अग्रवाल की उत्कृष्ट कार्यशैली और नेतृत्व क्षमता को मिला राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान
रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के वरिष्ठ अधिकारी राजेंद्र कुमार अग्रवाल, भारतीय रेलवे कार्मिक सेवा (IRPS), को संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) में अतिरिक्त सचिव के रूप में नियुक्त किया गया है। इस संबंध में कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग, भारत सरकार ने आधिकारिक आदेश जारी किया है।
राजेंद्र अग्रवाल वर्तमान में बिलासपुर रेल मंडल में पदस्थ थे और रेलवे सेवा में अपने उत्कृष्ट प्रशासनिक कौशल, नेतृत्व क्षमता व कार्यकुशलता के लिए प्रसिद्ध हैं। उनकी यह नियुक्ति न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे और बिलासपुर जोन के लिए भी गौरव का विषय है।
बता दें कि संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) भारत का एक संवैधानिक निकाय है, जो देश की उच्च सिविल सेवाओं के चयन की जिम्मेदारी निभाता है। इसके अलावा आयोग अनेक संविधानिक और प्रशासनिक दायित्वों का भी निर्वहन करता है।
राजेंद्र अग्रवाल की यह नियुक्ति भारतीय रेल के प्रशासनिक तंत्र में उनकी निष्ठा, दक्षता और समर्पण की पुष्टि करती है। यह सफलता बिलासपुर रेलवे जोन के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
