प्रेम विवाद में युवक की हत्या, दुर्ग में 3 गिरफ्तार, 2 फरार

भिलाई, दुर्ग: छत्तीसगढ़ के भिलाई में प्रेम संबंध को लेकर 25 वर्षीय धीरज सरोज (विक्की) की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने उसके घर गया था, जहां लड़की के भाई और रिश्तेदारों ने उसे पकड़कर मार डाला।

घटना खुर्सीपार थाना क्षेत्र, माझीपारा इलाके की है। पुलिस ने कुल 5 लोगों को आरोपी बनाया है, जिनमें से 3 को गिरफ्तार किया गया है—लड़की का भाई सूरज, धीरज और सिद्धांत। दो आरोपी अभी फरार हैं।

पुलिस के अनुसार, मृतक और युवती के बीच प्रेम संबंध था। घटना के दिन युवती की मां घर पर नहीं थी और सूरज काम पर गया हुआ था। धीरज ने अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए घर में प्रवेश किया, लेकिन बाद में सूरज घर लौट आया। दोनों को साथ देखकर सूरज गुस्से में आगबबूला हो गया और अपने ममेरे भाइयों को बुला लिया। आरोप है कि सभी ने मिलकर धीरज की बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी सिर में गंभीर चोट लग गई और मौके पर ही मौत हो गई।

धीरज की मां शोभा सरोज ने आरोप लगाया कि लड़की ने ही बेटे को घर बुलाया और हत्या में मदद की।

छावनी सीएसपी हेम प्रकाश नायक ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास जारी है।