धान खरीदी प्रभावित हो सकती है! सेवा सहकारी समिति ने 3 नवंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल का अल्टीमेटम दिया
चार सूत्रीय मांगों को लेकर कर्मचारियों ने दिया चेतावनी भरा अल्टीमेटम, शासन से शीघ्र समाधान की उम्मीद
सूरजपुर। धान खरीदी के मौसम से पहले सेवा सहकारी कर्मचारी संघ ने अपनी चार सूत्रीय मांगों को लेकर 3 नवंबर 2025 से अनिश्चितकालीन हड़ताल का अल्टीमेटम जारी किया है। संघ ने सूरजपुर कलेक्टर और उप-पंजीयक सहकारी संस्थाओं को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों का विवरण प्रस्तुत किया है।
संघ ने शुक्रवार को सभी 33 जिला मुख्यालयों में रैली निकालकर विभिन्न मंत्रियों के नाम से ज्ञापन सौंपे। इसके बाद 28 अक्टूबर को प्रदेश स्तरीय महाहुंकार ज्ञापन रैली आयोजित कर मंत्रियों को ज्ञापन सौंपा जाएगा। हड़ताल योजना के अनुसार, 3 से 11 नवंबर तक संभाग स्तरीय अनिश्चितकालीन आंदोलन, और 12 नवंबर से सरकार के निर्णय तक अनिश्चितकालीन आंदोलन चलेगा।
संघ की प्रमुख मांगों में शामिल हैं:
-
धान खरीदी परिपूर्ति और भुगतान: वर्ष 2023-24 एवं 2024-25 में धान परिदान पश्चात संपूर्ण सूखत मानकर राशि समितियों को देने का प्रावधान, परिवहन पश्चात भी पूरी राशि की सुनिश्चितता।
-
प्रोत्साहन और वित्तीय अनुदान: शून्य शार्टेज प्रोत्साहन, विभिन्न कमीशन, प्रशांगिक एवं सुरक्षा व्यय में वृद्धि। मध्य प्रदेश सरकार की तरह सरकारी उचित मूल्य दुकानदारों को प्रतिमाह 3,000 रुपए अनुदान।
-
कर्मचारियों का नियमितीकरण और वेतन सुधार: आउटसोर्सिंग के कम्प्यूटर ऑपरेटरों का नियमितीकरण, 2058 सहकारी समितियों के कर्मचारियों के वेतनमान हेतु प्रबंधकीय अनुदान।
-
भविष्य निधि और भर्ती सुधार: सेवानियम 2018 संशोधन के अनुसार भविष्य निधि, महंगाई भत्ता, ईएसआईसी सुविधा, दैनिक-संविदा कर्मचारियों को प्राथमिकता, बैंक प्रबंधक पदों पर 50% विभागीय भर्ती में सहायक कर्मचारियों को शामिल करना।
संघ ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों को शीघ्र मंजूरी नहीं दी गई, तो धान खरीदी प्रभावित होने की संभावना है। कर्मचारियों ने सरकार से तत्काल समाधान और लिखित आदेश की मांग की है।
