डांट से आगबबूला हुआ बेटा, पिता की बेरहमी से कर दी हत्या — बलरामपुर में खून से रंगा पारिवारिक विवाद
नशे में धुत बेटे ने मामूली झगड़े के बाद लाठी-डंडे और लात-घूंसों से पिता को पीट-पीटकर मार डाला, गांव में छाया मातम
बलरामपुर। जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जिसने सभी को स्तब्ध कर दिया है। कुसमी थाना क्षेत्र के रेहड़ा गांव में एक बेटे ने अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी बेटा शराब के नशे में था और मामूली विवाद के बाद उसने गुस्से में आकर पिता पर लाठी, डंडे और लात-घूंसों से हमला कर दिया। घटना में पिता की मौके पर ही मौत हो गई।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, शुक्रवार देर रात आरोपी युवक शराब के नशे में घर लौटा। घर पहुंचते ही उसका पिता से किसी बात पर झगड़ा हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने अपना आपा खो दिया और पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जब वृद्ध पिता जमीन पर गिर पड़े, तब भी उसने उन्हें लात-घूंसों से बेरहमी से पीटते रहा। शोर सुनकर जब तक परिवार और पड़ोसी पहुंचे, तब तक पिता की मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही कुसमी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। कुसमी थाना प्रभारी के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी नशे में था और गुस्से में उसने यह जघन्य वारदात की।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि हत्या के पीछे का वास्तविक कारण सामने आ सके। गांव में इस घटना के बाद से मातम का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी युवक पिछले कुछ महीनों से शराब के नशे में अक्सर घर में झगड़े करता था। कई बार लोगों ने उसे समझाने की कोशिश भी की थी, लेकिन उसने किसी की बात नहीं मानी।
