क्राइम ब्रांच पर गंभीर आरोप — चेकिंग के दौरान कारोबारी की कार से 2 लाख रुपये चोरी, आरक्षक निलंबित!

क्राइम ब्रांच पर गंभीर आरोप — चेकिंग के दौरान कारोबारी की कार से 2 लाख रुपये चोरी, आरक्षक निलंबित!

दुर्ग एसएसपी से शिकायत के बाद रायपुर एसएसपी ने कार्रवाई की, निलंबन के साथ जांच के आदेश — कारोबारी ने CCTV फुटेज भी सौंपा

रायपुर। राजधानी रायपुर की क्राइम ब्रांच टीम पर गंभीर आरोप लगा है। धमतरी के एक कारोबारी ने दावा किया है कि चेकिंग के नाम पर पुलिसकर्मियों ने उनकी कार से 2 लाख रुपये नकद चोरी कर लिए। मामला सामने आने के बाद रायपुर एसएसपी ने क्राइम ब्रांच के आरक्षक प्रशांत शुक्ला को निलंबित कर दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, क्राइम ब्रांच को एक संदिग्ध कार की सूचना मिली थी। टीम ने कार का पीछा करते हुए कुम्हारी से होते हुए दुर्ग तक पीछा किया। हालांकि संदिग्ध कार पुलिस टीम को चकमा देकर गायब हो गई। इसके बाद टीम पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र के विद्युत नगर पहुंची।

वहीं, कारोबारी मयंक गोस्वामी ने दुर्ग एसएसपी को दी गई शिकायत में बताया कि वे विद्युत नगर में रहते हैं और धमतरी में उनका बुलेट शोरूम है। 18 अक्टूबर की रात वे अपने घर पहुंचे ही थे कि पीछे से पुलिसकर्मियों की गाड़ी आई और क्राइम ब्रांच की टीम ने उन्हें कुछ बताए बिना कार से उतार लिया और तलाशी शुरू कर दी।

कारोबारी के अनुसार, उस दौरान टीम में आरक्षक प्रशांत शुक्ला, धनंजय गोस्वामी, प्रमोद वट्टी, अमित सहित पांच पुलिसकर्मी मौजूद थे। जांच के दौरान कारोबारी ने पुलिस पर आरोप लगाया कि तलाशी के दौरान आरक्षक प्रशांत शुक्ला ने उनकी कार से 2 लाख रुपये निकाल लिए।

कारोबारी ने इस पूरे घटनाक्रम का CCTV फुटेज भी दुर्ग पुलिस को सौंपा है। शिकायत को दुर्ग पुलिस ने रायपुर एसएसपी को भेजा, जिसके बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए आरक्षक प्रशांत शुक्ला को लाइन अटैच कर निलंबित कर दिया गया।

घटना के सामने आने के बाद रायपुर पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। अब मामले की विस्तृत जांच जारी है, और बाकी पुलिसकर्मियों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।