CBI में दिखेगा छत्तीसगढ़ का जलवा… IPS आशुतोष सिंह को मिली बड़ी जिम्मेदारी, गृह मंत्रालय ने जारी किया आदेश!

CBI में दिखेगा छत्तीसगढ़ का जलवा… IPS आशुतोष सिंह को मिली बड़ी जिम्मेदारी, गृह मंत्रालय ने जारी किया आदेश!”

2012 बैच के तेजतर्रार अफसर को मिली सीबीआई में पोस्टिंग — पांच वर्ष तक देंगे केंद्रीय जांच एजेंसी में अपनी सेवा

रायपुर। छत्तीसगढ़ के एक और आईपीएस अधिकारी ने अपनी काबिलियत से राज्य का नाम रोशन किया है। 2012 बैच के आईपीएस आशुतोष सिंह को केंद्र सरकार ने सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इनवेस्टिगेशन (CBI) में प्रतिनियुक्ति पर नियुक्त किया है। गृह मंत्रालय ने इस संबंध में औपचारिक आदेश जारी कर दिए हैं।

मिनिस्ट्री ऑफ होम अफेयर्स के अवर सचिव संजय कुमार द्वारा छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव को पत्र भेजकर बताया गया है कि आईपीएस आशुतोष सिंह को सीबीआई में पुलिस अधीक्षक (SP) के पद पर नियुक्त किया गया है। मंत्रालय ने राज्य सरकार से आग्रह किया है कि अधिकारी को तीन सप्ताह के भीतर रिलीव किया जाए, ताकि वे अपना नया कार्यभार संभाल सकें।

आदेश के अनुसार, आशुतोष सिंह का कार्यकाल ज्वाइनिंग की तारीख से पांच वर्ष या अगले आदेश तक (जो भी पहले हो) तय किया गया है। दीपावली के दूसरे दिन जारी इस आदेश को अधिकारी के लिए एक “कैरियर गिफ्ट” के रूप में देखा जा रहा है।

आईपीएस आशुतोष सिंह अपने अब तक के कार्यकाल में एक कुशल, अनुशासित और निडर पुलिस अधिकारी के रूप में पहचान बना चुके हैं। अब सीबीआई में उनकी तैनाती से यह उम्मीद जताई जा रही है कि वे केंद्रीय स्तर पर भी अपनी कार्यकुशलता का परचम लहराएंगे।

राज्य के पुलिस विभाग में इस खबर के बाद बधाइयों का दौर जारी है।