डामर प्लांट के पास खून से लथपथ लाश, सिर पर चोट के निशान… हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस

रायगढ़। जिले के तमनार थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक ग्रामीण की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सुकमन निषाद (50 वर्ष), निवासी कुंजेमुरा के रूप में हुई है। उसके चेहरे और सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए, जिससे हत्या की आशंका गहराती जा रही है।

जानकारी के अनुसार, सुकमन बुधवार सुबह घर से मवेशी चराने निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने काफी तलाश की, मगर कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन सुबह उसकी खून से लथपथ लाश डामर प्लांट के पीछे खेत में मिली।

ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। साथ ही डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जो घटनास्थल की बारीकी से जांच कर रही है।

पुलिस ने बताया कि परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है और हर एंगल से मामले की पड़ताल जारी है। फिलहाल हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है।