3200 करोड़ के शराब घोटाले में नई हलचल! SC से जमानत पाए अफसरों को अब ED ने कस लिया शिकंजा

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित 3200 करोड़ रुपए के शराब घोटाले में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने इस मामले में संलिप्त आबकारी अधिकारियों को तलब किया है। सुप्रीम कोर्ट से जमानत पाने वाले इन अफसरों से पिछले तीन दिनों से लगातार पूछताछ जारी है।

⚖️ सुप्रीम कोर्ट की समयसीमा

सुप्रीम कोर्ट ने शराब घोटाले की जांच के लिए ईडी और ईओडब्ल्यू/एसीबी को क्रमशः तीन और दो महीने का समय दिया है। इसी सिलसिले में ईडी करीब 30 आबकारी अधिकारियों से पूछताछ कर रही है। इनमें कई नामी अफसर शामिल हैं, जिनमें से कुछ निलंबित हो चुके हैं और कुछ रिटायर हो चुके हैं।

🔎 किन-किन अफसरों से पूछताछ?

ईडी ने आबकारी उपायुक्त अनिमेष नेताम, अरविंद कुमार पाटले, नीतू नोतानी, नोहर सिंह ठाकुर, विजय सेन शर्मा, प्रमोद कुमार नेताम समेत कई अधिकारियों को समन जारी किया है। इसके अलावा राजेश जायसवाल, मंजूश्री कसेर, दिनकर वासनिक, सौरभ बख्शी, प्रकाश पाल, रामकृष्ण मिश्रा जैसे नाम भी शामिल हैं।

इतना ही नहीं, आशीष श्रीवास्तव का नाम भी बाद में पूछताछ की सूची में जोड़े जाने की खबर है।

🚨 88 करोड़ कमीशन का आरोप

बता दें कि ईओडब्ल्यू/एसीबी की जांच में सामने आया था कि कुल 22 आबकारी अफसरों ने कमीशन के रूप में 88 करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि ली थी। इसके बाद राज्य सरकार ने सभी को निलंबित कर दिया था।

🔔 चर्चाओं का बाज़ार गर्म

ईडी के इस नए समन के बाद एक बार फिर संकेत मिल रहे हैं कि आने वाले दिनों में बड़ा एक्शन देखने को मिल सकता है।