बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में दुर्गा महोत्सव के बीच पुलिस विभाग की छवि धूमिल करने वाली शर्मनाक घटना सामने आई है। यदुनंदन नगर के तिफरा इलाके के दुर्गा पंडाल में ड्यूटी पर तैनात एक आरक्षक शराब के नशे में धुत पाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरक्षक प्रशांत रावत नशे में इतना डूबा था कि वह जूते उतारकर जमीन पर बैठ गया और सिर झुकाए झूमने लगा। पंडाल में मौजूद लोग हैरान रह गए और पूरे वाकये का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया।
वायरल हुआ वीडियो
वीडियो में लोग यह कहते हुए सुने जा सकते हैं कि – “देखो ये पुलिस हमारी सुरक्षा के लिए तैनात है।” यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया है और अब पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है।
विभाग की चुप्पी
फिलहाल इस मामले पर पुलिस विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। लेकिन घटना ने लोगों के बीच सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की जिम्मेदारी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
