रायपुर। छत्तीसगढ़ में त्योहारों के बीच चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देकर पुलिस की नींद उड़ा दी है। मनेन्द्रगढ़ और कांकेर जिलों में अफसरों के घरों को निशाना बनाते हुए चोरों ने करोड़ों की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया।
मनेन्द्रगढ़ की वारदात
मनेन्द्रगढ़ की रेलवे कॉलोनी में शातिर चोरों ने एक साथ तीन घरों में धावा बोला और करीब 50 लाख रुपये कीमत के जेवरात और आभूषण चोरी कर ले गए। चोरी के तरीके को देखकर पुलिस को शक है कि यह काम किसी संगठित गिरोह का है। फिलहाल शिकायत दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
कांकेर का मामला
वहीं, दूसरी बड़ी घटना कांकेर जिले के पखांजूर से सामने आई है। यहां शातिर चोरों ने एक राजस्व निरीक्षक और पीडब्ल्यूडी अफसर के घर को निशाना बनाया। घर में घुसकर चोरों ने 40-50 लाख के सोना-चांदी और 20 हजार नकद पार कर दिए।
बताया जा रहा है कि चोरी के समय पीड़ित परिवार दुर्गा पूजा में शामिल होने बाहर गया था। इसी दौरान मौका पाकर चोर घर में दाखिल हुए और भारी भरकम माल लेकर फरार हो गए।
पुलिस अलर्ट
दोनों मामलों में पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। लगातार बढ़ती वारदातों ने इलाके के लोगों में खौफ पैदा कर दिया है।
