सुकमा। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित इलाके से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। देर रात नक्सलियों ने एक ग्रामीण को उसके ही घर से उठाकर ले गए और कुछ ही दूरी पर बेरहमी से उसकी हत्या कर दी।
यह घटना कोंटा ब्लॉक के सलातोंग गांव की है। मृतक की पहचान 50 वर्षीय रव्वा सोना के रूप में हुई है। नक्सलियों ने हत्या के बाद मौके पर पर्चा फेंककर ग्रामीण पर पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाया।
कैसे हुई वारदात?
बताया जा रहा है कि रव्वा सोना रात में घर पर खाना खा रहे थे। तभी नक्सली पहुंचे और उन्हें बुलाकर साथ ले गए। थोड़ी दूरी पर नक्सलियों ने उनकी बेरहमी से पिटाई की और हत्या कर दी।
इस दौरान मृतक का बेटा हुंगा भी पीछे-पीछे गया, लेकिन डर की वजह से वापस घर भाग आया और गांववालों को पूरी घटना की जानकारी दी।
दहशत में गांववाले
घटना के बाद से पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीण अब भी खौफ में हैं कि अगला निशाना कौन होगा। पुलिस को सूचना दी गई है और मामले की जांच की जा रही है।
