करंट से झुलसा 28 वर्षीय भांजा: मामा की लापरवाही बनी मौत की वजह!

रायगढ़। जिले के तमनार थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जिसने परिवार और गाँववालों को स्तब्ध कर दिया। फसल को जंगली जानवरों से बचाने के लिए अपने खेत में करंट तार बिछाने वाले 65 वर्षीय मनोहर नायक की लापरवाही से उसका 28 वर्षीय भांजा मनोज पटेल करंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, मनोज पटेल कंपनी में काम कर घर लौटा था और खेत की ओर शौच के लिए गया। इसी दौरान उसने अनजाने में करंट प्रवाहित तार को टच कर लिया। हादसे के तुरंत बाद ही उसकी मौत हो गई। परिजन काफी देर तक मनोज के घर न लौटने पर उसकी तलाश में निकल पड़े और देर शाम उसे खेत के पास मृत पाया।

पुलिस ने मौके पर पहुँचकर करंट तार और मृतक के हाथ व कंधे में झुलसने के निशान देखे। मामले में मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

गांव में यह हादसा भारी आक्रोश और शोक फैलाने वाला है। स्थानीय लोग बता रहे हैं कि इस प्रकार की लापरवाही से फसल बचाने का प्रयास कितने गंभीर परिणाम ला सकता है।