रायगढ़। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के दिशा-निर्देशन में कोतरारोड़ पुलिस ने आज भोर से ही विशेष सर्च अभियान चलाया। अभियान का मकसद था वारंट तामिली और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी।
थाना प्रभारी निरीक्षक मोहन भारद्वाज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अलग-अलग गांवों में दबिश दी और बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 वारंटियों को गिरफ्तार किया। इनमें ग्राम जामपाली से स्थायी वारंटी मालिकराम उर्फ शोभाराम डनसेना प्रमुख नाम रहा।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों पर मारपीट, आबकारी और चोरी के मामले दर्ज थे। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने ग्राम जामपाली, किरोड़ीमलनगर, सीतापुर, नयापारा, ढिमरापुर चौक, धनागर, पचेड़ा, बघनपुर और खैरपुर में दबिश दी। इस अभियान में प्रधान आरक्षक प्रेम सिदार, आरक्षक चंद्रेश पाण्डेय, संदीप कौशिक, चुड़ामणी गुप्ता और शिवा प्रधान की सक्रिय भूमिका रही, जिनकी मुस्तैदी से पुलिस को बड़ी सफलता मिली।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि ऐसे फरार आरोपियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और अपराधियों को किसी भी हाल में नहीं बख्शा जाएगा।
