बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। सनौद थाना क्षेत्र के अरमरीकला गांव में सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे मोटरसाइकिल जा टकराई। बाइक पर पिता अपने दो बेटों के साथ सवार थे। हादसे में 34 वर्षीय पिता और उनके 12 वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 8 वर्षीय छोटा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल मासूम का अस्पताल में इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, डागेश्वर साहू अपने दोनों बेटों वेद प्रकाश और अनुराग के साथ मामा के घर ग्राम मोहारा गए थे। वहां पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद तीनों मोटरसाइकिल से अपने गांव गजराबांधा लौट रहे थे। इसी दौरान अरमरीकला गांव में पेट्रोल पंप के पास यह हादसा हो गया।
सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी बाइक
बताया जा रहा है कि मोटरसाइकिल सनौद थाना क्षेत्र के अरमरीकला गांव के पास पहुंची थी। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े ट्रक क्रमांक CG 08 AU 7510 के पीछे बाइक जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि डागेश्वर साहू और उनके 12 वर्षीय बेटे वेद प्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। वहीं 8 वर्षीय अनुराग गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी और घायल बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
मौके पर पहुंची पुलिस, पोस्टमार्टम के लिए भेजे शव
हादसे की सूचना मिलते ही सनौद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घायल बच्चे के इलाज की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने घटना को लेकर जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और सड़क किनारे ट्रक किस स्थिति में खड़ा था, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों को जुटा रही है।
एक ही हादसे में पिता और बड़े बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं 8 साल का मासूम अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा है। पारिवारिक कार्यक्रम से लौटते समय हुआ यह हादसा कुछ ही पलों में परिवार की खुशियों को मातम में बदल गया।
