रायपुर। छत्तीसगढ़ में अलग-अलग जिलों में हुए दो दर्दनाक सड़क हादसों ने पांच परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। राजनांदगांव और बालोद में हुए इन हादसों में कुल पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं। राजनांदगांव में पांच दोस्त जन्मदिन मनाने के लिए कार से निकले थे, लेकिन रास्ते में उनकी कार पुलिया से टकरा गई। वहीं बालोद में एक पिता अपने दो बेटों के साथ बाइक से घर लौट रहा था, तभी बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी।
राजनांदगांव में बर्थडे सेलिब्रेशन के बाद निकले थे पांच दोस्त
पहला हादसा राजनांदगांव जिले के सोमनी थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात करीब डेढ़ बजे हुआ। जानकारी के मुताबिक, भिलाई निवासी ठेकेदार अभिषेक सिंह ठाकुर का 3 अक्टूबर को जन्मदिन था। दिन में उन्होंने परिवार के साथ जन्मदिन मनाया था। इसके बाद वह दोस्तों के साथ रात में ढाबे पर खाना खाने के लिए कार से राजनांदगांव की ओर निकले थे।
कार में कुल पांच लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि वे पहले एक ढाबे पर पहुंचे, लेकिन वहां खाना नहीं मिला। इसके बाद सभी दूसरे ढाबे की ओर चले गए। वहां रुकने के बाद अभिषेक की कार आगे निकल गई। बाद में कार को वापस मोड़कर लौटते समय टेडेसरा बस्ती के पास सोमनी नाले के सामने हादसा हो गया।
पुलिया से टकराते ही कार के उड़े परखच्चे
बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार में जा रही कार नेशनल हाईवे पर एक पुलिया से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में अभिषेक सिंह ठाकुर और तोषण तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई।
गंभीर रूप से घायल प्रशांत दास को तत्काल मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान रविवार को उसकी भी मौत हो गई। वहीं सूरज पांडे और चिंटू का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार को हादसे की वजह बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
अभिषेक सिंह दुर्ग में इलेक्ट्रिकल और सिविल गवर्नमेंट कॉन्ट्रैक्टर के तौर पर काम करता था। वह दो छोटी बेटियों का पिता था। जन्मदिन के दिन हुए इस हादसे ने उसके परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
बालोद में खड़े ट्रक से टकराई बाइक, पिता और 12 साल के बेटे की मौत
दूसरा हादसा बालोद जिले के सनौद थाना क्षेत्र में रविवार शाम करीब 7 बजे हुआ। ग्राम कजराबांधा निवासी 34 वर्षीय डागेश्वर साहू अपने दोनों बेटों 12 वर्षीय वेद प्रकाश और 8 वर्षीय अनुराग साहू के साथ मामा के घर ग्राम मोहारा गए थे। तीनों वहां एक सामाजिक पितृ श्राद्ध मिलन कार्यक्रम में शामिल हुए थे।
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद देर शाम तीनों बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान गुंडरदेही-धमतरी मुख्य मार्ग पर अरमरीकला में पेट्रोल पंप के सामने उनकी बाइक सड़क पर खड़े एक ट्रक से जा टकराई।
अंधेरे में नहीं दिखा खड़ा ट्रक
पुलिस के मुताबिक, मुख्य सड़क पर ट्रक खड़ा था। अंधेरा होने के कारण बाइक सवारों को ट्रक दिखाई नहीं दिया और बाइक सीधे ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी गंभीर थी कि डागेश्वर साहू और उनके 12 वर्षीय बेटे वेद प्रकाश की मौत हो गई।
वहीं 8 वर्षीय अनुराग साहू गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही सनौद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पिता और बेटे के शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए गुरुर मर्चुरी भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।
दो अलग-अलग घटनाओं में पांच लोगों की मौत के बाद राजनांदगांव और बालोद में उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। एक परिवार में जन्मदिन की खुशी कुछ ही घंटों में मातम में बदल गई, तो दूसरे परिवार में सामाजिक कार्यक्रम से लौटते समय पिता और बेटे की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों घटनाओं ने एक बार फिर रात में तेज रफ्तार और सड़क पर बिना पर्याप्त सुरक्षा संकेत के खड़े वाहनों को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
