अंबिकापुर की उड़ानों पर फिर संकट! हफ्ते में सिर्फ 1 दिन हो सकती है एयर सेवा, विधायक ने CM साय से रखी बड़ी मांग

 

अंबिकापुर। सरगुजा में एयर कनेक्टिविटी को लेकर एक बार फिर यात्रियों की उम्मीदों के साथ चुनौतियां भी सामने आई हैं। अंबिकापुर से हवाई सेवाओं के सीमित होने की खबर के बीच लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर क्षेत्र में हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने की मांग रखी है।

दिल्ली के लिए 4 दिन उड़ान की मांग

विधायक प्रबोध मिंज ने अंबिकापुर से दिल्ली के लिए सप्ताह में चार दिन नियमित उड़ान सेवा शुरू करने की मांग की है। इसके साथ ही अंबिकापुर को वाराणसी और अयोध्या से भी हवाई सेवा के जरिए जोड़ने की मांग मुख्यमंत्री के सामने रखी गई है।

रायपुर के लिए सुपरफास्ट ट्रेन की मांग

विधायक ने अंबिकापुर से रायपुर के बीच सुपरफास्ट ट्रेन शुरू करने का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना है कि बेहतर हवाई और रेल कनेक्टिविटी से सरगुजा के लोगों को यात्रा में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के विकास को भी गति मिल सकती है।

सप्ताह में एक दिन उड़ान की चर्चा से बढ़ी चिंता

वहीं, एयरपोर्ट अथॉरिटी के आगामी शेड्यूल को लेकर ऐसी जानकारी सामने आई है कि अंबिकापुर से संचालित उड़ान सेवा सप्ताह में सिर्फ एक दिन रह सकती है। यदि ऐसा होता है तो यात्रियों के लिए मौजूदा कनेक्टिविटी और सीमित हो जाएगी।

अब निगाहें सरकार और विमानन कंपनियों के अगले कदम पर हैं। सरगुजा के लोगों को उम्मीद है कि अंबिकापुर से उड़ानों की संख्या बढ़ाने के साथ दिल्ली, वाराणसी और अयोध्या जैसे प्रमुख शहरों तक कनेक्टिविटी का विस्तार किया जाएगा।

बाइट: प्रबोध मिंज, विधायक लुंड्रा