‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ का बड़ा एक्शन! फरार बाइक चोर कुनकुरी से गिरफ्तार, साथी पहले ही उगल चुका था राज

 

रायगढ़। रायगढ़ जिले में फरार अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत धरमजयगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वर्ष 2024 के चर्चित बाइक चोरी मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने जशपुर जिले के कुनकुरी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लगातार पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था, लेकिन गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

पुलिस के अनुसार, ग्राम आमानाय (साजापाली) निवासी देवानसाय कोरवा ने 5 अगस्त 2024 को थाना धरमजयगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि वह अपनी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 13 BA 5173) से सिसरिंगा बस स्टैंड बाजार गए थे। बाइक खड़ी कर दुकान में जाने के बाद लौटे तो मोटरसाइकिल के साथ उनका मोबाइल फोन भी गायब मिला। काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 212/2024 दर्ज कर जांच शुरू की थी।

जांच के दौरान 4 अक्टूबर 2024 को पुलिस ने इस मामले में सह-आरोपी अमरनाथ सोनी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली थी। पूछताछ में अमरनाथ ने अपने साथी बजरंग सोनी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की थी। इसके बाद से बजरंग सोनी फरार चल रहा था।

फरार आरोपी की तलाश लगातार जारी थी। इसी बीच ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपने गृह ग्राम नवाटोली धुमाडांड, थाना कुनकुरी (जिला जशपुर) में मौजूद है। सूचना मिलते ही धरमजयगढ़ पुलिस की टीम ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी धरमजयगढ़ निरीक्षक राजेश जांगड़े, प्रधान आरक्षक जगीत राठिया सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में फरार अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी आरोपी को कानून से बचने का मौका नहीं दिया जाएगा। साथ ही पुराने मामलों में भी कार्रवाई तेज कर सभी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।