छुईखदान। केसीजी जिले के छुईखदान थाना क्षेत्र में जंगल के भीतर चल रहे जुआ फड़ पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। मुखबिर से मिली सूचना के बाद पुलिस ने सुनियोजित तरीके से घेराबंदी की और मौके पर छापा मारते ही जुआ खेल रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के अनुसार ग्राम खुडमुड़ी के बांस तालाब जंगल क्षेत्र में कुछ लोग 52 पत्ती ताश के जरिए रुपये का दांव लगाकर जुआ खेल रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और चारों ओर से घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने सात आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कंषु जांगड़े, जीवन चेलक, दिनेश कुमार वर्मा, अनिल जंघेल, ललेश्वर चंदेल, नीलमणी कंवर और चूर्णामनी लोधी के रूप में हुई है। सभी आरोपी अलग-अलग गांवों के निवासी बताए गए हैं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जुआ फड़ से 4,580 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश की एक गड्डी जब्त की है। जब्त सामग्री को विधिवत कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस मामले में छुईखदान थाना में अपराध क्रमांक 249/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। मुखबिर तंत्र को भी और अधिक सक्रिय किया गया है, ताकि ऐसी सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
