सुकमा जिले के कोंटा इलाके में पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय जुआ फड़ का पर्दाफाश करते हुए 22 लोगों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में लॉज मालिक को भी आरोपी बनाया गया है, जिससे यह साफ हो गया कि अवैध गतिविधि संगठित तरीके से संचालित की जा रही थी।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरएसएन लॉज के एक कमरे में बड़े स्तर पर जुआ खेला जा रहा है। सूचना मिलते ही कोंटा थाना पुलिस ने टीम बनाकर लॉज में छापेमारी की। जैसे ही पुलिस अंदर पहुंची, वहां कई लोग पैसे का दांव लगाकर ताश खेलते हुए मिले। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर सभी को मौके से पकड़ लिया।
रेड के दौरान पुलिस ने 2 लाख 400 रुपये नकद, 18 मोबाइल फोन, 122 गड्डी ताश, 108 खुले पत्ते, रजिस्टर और अन्य सामग्री जब्त की। इसके अलावा एक कार और एक स्कूटी भी जब्त की गई है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 11.50 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अधिकांश आरोपी तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के रहने वाले हैं, जो यहां इकट्ठा होकर जुआ खेल रहे थे। जांच में यह भी सामने आया है कि यह लॉज लंबे समय से जुआ फड़ के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था।
सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और पूछताछ जारी है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी हुई है और यह भी जांच की जा रही है कि इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह तो सक्रिय नहीं है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई जिले में अवैध जुआ और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए एक अहम कदम है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि इस तरह की गतिविधियों से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध जानकारी को तुरंत पुलिस तक पहुंचाएं, ताकि समय रहते सख्त कार्रवाई की जा सके।
