अंबिकापुर/सरगुजा।
सरगुजा संभाग में नशे के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत आबकारी उड़नदस्ता टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रनपुर खुर्द गांव में छापेमारी कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 950 ग्राम मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, रनपुर खुर्द के ग्रामीणों ने आबकारी विभाग को शिकायत दी थी कि गांव के निवासी नूर मोहम्मद और उसके बेटे जफर एवं सफर लंबे समय से गांजे का अवैध कारोबार कर रहे हैं, जिससे गांव का माहौल खराब हो रहा है।
शिकायत की पुष्टि होने के बाद 20 मार्च 2026 की सुबह आबकारी उड़नदस्ता टीम ने रनपुर खुर्द में नूर मोहम्मद के घर पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान घर में मोहम्मद सफर मौजूद मिला। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 950 ग्राम गांजा बरामद किया गया।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि आरोपी का परिवार लंबे समय से इस अवैध कारोबार में संलिप्त है। उन्होंने यह भी बताया कि मोहम्मद सफर पहले भी गांजा बेचने के मामले में जेल जा चुका है, इसके बावजूद वह फिर से इस काम में जुटा हुआ था।
आबकारी टीम ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(A) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। बाद में आरोपी को माननीय न्यायालय अंबिकापुर में पेश किया गया।
यह कार्रवाई सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत कुमार गुप्ता के नेतृत्व में की गई। इस दौरान मुख्य आरक्षक रमेश दुबे, अशोक सोनी, नगर सैनिक गणेश पांडेय, रणविजय सिंह तथा महिला सैनिक राजकुमारी और चंद्रावती का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
ग्रामीणों की सतर्कता और टीम की तत्परता से गांव में चल रहे नशे के इस नेटवर्क पर बड़ी चोट मानी जा रही है।