सिमगा में SDM की अचानक रेड से मचा हड़कंप! व्यापारी के गोदाम से 23 गैस सिलेंडर जब्त

बलौदाबाजार। जिले में अवैध एलपीजी गैस सिलेंडरों की जमाखोरी और कालाबाजारी पर लगाम कसने के लिए प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में शनिवार को सिमगा में एसडीएम के नेतृत्व में अचानक जांच अभियान चलाया गया, जिससे व्यापारियों में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान एक व्यापारी के गोदाम से 23 अवैध गैस सिलेंडर जब्त किए गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर जिले में एलपीजी गैस सिलेंडरों की अवैध जमाखोरी और कालाबाजारी की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत शनिवार को एसडीएम सिमगा की अगुवाई में टीम ने सिमगा क्षेत्र में छापामार कार्रवाई की।

जांच के दौरान सिमगा के व्यापारी योगेश ताम्रकार के गोदाम की तलाशी ली गई, जहां से 23 नग अवैध खाली गैस सिलेंडर बरामद किए गए। प्रशासन ने सभी सिलेंडरों को जब्त कर संबंधित गैस एजेंसी को सुपुर्द कर दिया।

इसके अलावा टीम ने सिमगा स्थित माँ बमलेश्वरी गैस एजेंसी और अमृत बर्तन भंडार की भी जांच की। अधिकारियों ने दस्तावेजों और स्टॉक का मिलान कर आवश्यक जानकारी जुटाई।

इस कार्रवाई के दौरान तहसीलदार सिमगा, खाद्य निरीक्षक और राजस्व विभाग के अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे। प्रशासन का कहना है कि जिले में अवैध गैस सिलेंडर के भंडारण और कालाबाजारी पर सख्त नजर रखी जा रही है और ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं को गैस की आपूर्ति सुचारू रखने और कालाबाजारी रोकने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।