जंगल में छिपा था खतरनाक राज! सुकमा में नक्सलियों का विस्फोटक जखीरा बरामद, 18 किलो अमोनियम नाइट्रेट मिला

सुकमा। नक्सल विरोधी अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। जंगल में छिपाकर रखे गए नक्सलियों के एक डंप साइट का पता लगाते हुए जवानों ने विस्फोटक सामग्री समेत बड़ी मात्रा में सामान बरामद किया है। इस कार्रवाई से इलाके में सक्रिय नक्सलियों को बड़ा झटका लगा है।

जानकारी के मुताबिक 226 बटालियन सीआरपीएफ की सी कंपनी ने गोमगुड़ा क्षेत्र के पोडियमपारा इलाके में एंबुश ऑपरेशन चलाया। सर्चिंग के दौरान जवानों को जंगल में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई डंप साइट का पता चला।

जवानों ने मौके से करीब 18 किलो अमोनियम नाइट्रेट बरामद किया, जिसका इस्तेमाल आमतौर पर नक्सली विस्फोटक तैयार करने में करते हैं। इसके अलावा तिरपाल, स्लीपिंग बैग, पिट्ठू बैग, नक्शा-चार्ट और अन्य उपयोगी सामग्री भी बरामद की गई।

बताया जा रहा है कि इन सामग्रियों का इस्तेमाल नक्सली अपने ठिकानों पर रहने और गतिविधियों को अंजाम देने के लिए करते थे। सुरक्षा बलों ने बरामद सभी सामान को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।

अधिकारियों का कहना है कि समय रहते इस डंप साइट का पता लग जाने से किसी बड़ी नक्सली साजिश को विफल किया जा सका है।

सीआरपीएफ के अनुसार क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान लगातार जारी रहेगा और नक्सलियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाती रहेगी, ताकि इलाके में शांति और सुरक्षा बनाए रखी जा सके।