रायगढ़। जिले में अवैध कबाड़ कारोबार पर शिकंजा कसते हुए रायगढ़ पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के दौरान पुलिस ने एक सप्ताह के भीतर ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 6 वाहनों समेत करीब 83 लाख 52 हजार रुपये की अवैध संपत्ति जब्त की है।
पुलिस को अवैध कबाड़ के परिवहन की मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर शुक्रवार शाम थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक मोहन भारद्वाज के नेतृत्व में पुसौर-सरिया मार्ग पर आर्यन फ्यूल के सामने चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान दो टाटा 1512 वाहनों को रोका गया, जिनमें करीब 19 टन लोहे के टीना का स्क्रैप ले जाया जा रहा था।
वाहन चालकों से स्क्रैप के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने दोनों वाहनों सहित स्क्रैप को जब्त कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी।
इसी कड़ी में शनिवार सुबह थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर तमनार चौक और महुआ चौक तुमीडीह में घेराबंदी की। यहां उड़ीसा की ओर से रायगढ़ की तरफ आ रहे चार भारी वाहनों को रोककर जांच की गई।
जांच के दौरान तीन 12 चक्का ट्रकों में आयरन पेललेट्स और एक 12 चक्का ट्रक में करीब 25 टन लोहे का स्क्रैप (लोहे की छड़ और मशीनरी पार्ट्स) लोड पाया गया। पुलिस ने जब चालकों से परिवहन के वैध दस्तावेज मांगे तो वे भी कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद सभी वाहनों को जब्त कर चालकों के खिलाफ धारा 35(क), (ड) बीएनएसएस / 303(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस द्वारा की गई इन कार्रवाइयों में कुल 6 वाहनों से बड़ी मात्रा में अवैध सामग्री बरामद की गई। इनमें
3 ट्रकों से करीब 86 टन आयरन पेललेट्स (कीमत लगभग 6 लाख 20 हजार रुपये)
1 ट्रक और 2 टाटा वाहनों से करीब 44 टन लोहे का स्क्रैप (कीमत लगभग 17 लाख 32 हजार रुपये)
बरामद हुआ है। इसके अलावा अवैध परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे 6 वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई जा रही है।
इस तरह पुसौर और पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में की गई संयुक्त कार्रवाई में कुल 83 लाख 52 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस ने बताया कि जब्त वाहनों में उड़ीसा, बिहार और छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के चालक शामिल हैं। सभी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
रायगढ़ पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध कबाड़ और संपत्ति से जुड़े अपराधों पर लगाम लगाने के लिए “ऑपरेशन प्रहार” के तहत आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।