रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अविभाजित मध्य प्रदेश विधानसभा की पूर्व सदस्य मंगली बाई रावटे के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने सदन में दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके सामाजिक योगदान को याद किया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि स्वर्गीय मंगली बाई रावटे अत्यंत सरल, विनम्र और समाजसेवा के प्रति समर्पित व्यक्तित्व की धनी थीं। उन्होंने अपने जीवनकाल में समाज के लोगों के सुख-दुख में हमेशा सहभागी बनकर सेवा और सहयोग की भावना से कार्य किया।
उन्होंने कहा कि मंगली बाई रावटे के व्यक्तित्व में मानवीय संवेदनाएँ, सामाजिक प्रतिबद्धता और सेवा का भाव स्पष्ट रूप से झलकता था। उनके निधन से समाज ने एक प्रेरणादायक व्यक्तित्व को खो दिया है, जिसकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सदन की ओर से दिवंगत आत्मा को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
