गैस की कालाबाजारी का बड़ा खुलासा! किचन केयर और किराना स्टोर पर छापा, 126 घरेलू सिलेंडर जब्त

बिलासपुर। जिले में घरेलू गैस सिलेंडर की जमाखोरी और ब्लैकमार्केटिंग पर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कोनी और सिरगिट्टी क्षेत्र में स्थित किचन केयर और किराना स्टोर पर छापेमारी कर 126 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं। जांच के दौरान सिलेंडर से गैस निकालने के उपकरण भी बरामद हुए हैं।

बताया जा रहा है कि कलेक्टर संजय अग्रवाल की सख्त चेतावनी के बावजूद शहर में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी जारी थी। शिकायत मिलने के बाद कलेक्टर के निर्देश पर खाद्य विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए इन दुकानों पर छापा मारा।

जांच में सामने आया कि घरेलू गैस सिलेंडरों को जमा कर उन्हें अवैध रूप से अन्य जगहों पर उपयोग या बिक्री के लिए रखा गया था। इसके बाद संबंधित संचालकों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

गौरतलब है कि जिला प्रशासन ने गैस सिलेंडर की जमाखोरी रोकने के लिए अभियान तेज कर दिया है। इससे पहले बुधवार को हुई कार्रवाई में 72 गैस सिलेंडर जब्त किए गए थे।

गैस बुकिंग में आ रही तकनीकी परेशानी

जिला प्रशासन और गैस वितरकों का कहना है कि जिले में गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है, लेकिन उपभोक्ताओं को ऑनलाइन बुकिंग में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। कई लोगों का कहना है कि गैस कंपनियों के टोल फ्री नंबर पर कॉल नहीं लग रहा, जिससे उन्हें एजेंसियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

इस वजह से गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें भी देखने को मिल रही हैं। एजेंसी से जुड़े लोगों के अनुसार सर्वर डाउन होने और तकनीकी समस्या के कारण ऑनलाइन बुकिंग और ओटीपी जनरेट होने में दिक्कत आ रही है।

फिलहाल प्रशासन ने साफ किया है कि गैस की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी