बस्तर पंडुम के मंच से देश को जाएगा बड़ा संदेश, प्रशासन-सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर
जगदलपुर। बस्तर की धरती एक बार फिर ऐतिहासिक पल की गवाह बनने जा रही है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 7 फरवरी को बस्तर दौरे पर आएंगी और जगदलपुर के लालबाग मैदान में आयोजित बस्तर पंडुम के संभाग स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगी। यह दौरा इसलिए भी खास है क्योंकि वे बस्तर आने वाली पांचवीं राष्ट्रपति होंगी।
गौरतलब है कि इससे पहले 8 साल पहले पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद बस्तर के दंतेवाड़ा दौरे पर पहुंचे थे। लंबे अंतराल के बाद राष्ट्रपति का यह आगमन बस्तर के लिए राजनीतिक, सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
🛑 लालबाग मैदान में तेज़ तैयारियां, हर कोना निगरानी में
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर लालबाग मैदान में तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं। सुरक्षा, यातायात, बैठक व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं को लेकर जिला प्रशासन लगातार समीक्षा बैठकें कर रहा है। बस्तर संभाग के वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी खुद मोर्चा संभाले हुए हैं।
मंच निर्माण, बैरिकेडिंग, मीडिया गैलरी, पार्किंग व्यवस्था और VVIP मूवमेंट के लिए अलग-अलग टीमों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं और कार्यक्रम स्थल के आसपास कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
🌿 आदिवासी बस्तर के लिए ऐतिहासिक दौरा
आदिवासी बहुल क्षेत्र होने के कारण राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का यह दौरा बस्तर के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। इससे पहले भी जब-जब राष्ट्रपतियों का आगमन हुआ है, तब-तब बस्तर को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है।
प्रशासनिक गलियारों में चर्चा है कि यह दौरा बस्तर के सांस्कृतिक गौरव और विकास के संदेश को देश-दुनिया तक पहुंचाएगा।
