रिंगरोड पर मौत की रफ्तार: मॉर्निंग वॉक पर निकले बुजुर्ग को तेज रफ्तार वाहन ने कुचला, मौके पर ही तोड़ा दम

रायपुर: राजधानी रायपुर के संतोषी नगर रिंगरोड पर शनिवार तड़के मौत बनकर दौड़ी रफ्तार ने एक बुजुर्ग की जान ले ली। रोज़ की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले बुजुर्ग को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बेरहमी से कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बुजुर्ग सड़क किनारे टहल रहे थे तभी अचानक तेज गति से आए वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुजुर्ग सड़क पर दूर जा गिरे और संभलने का मौका तक नहीं मिला। राहगीरों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन तब तक सब कुछ खत्म हो चुका था।

हादसे के बाद फरार हुआ वाहन चालक

घटना टिकरापारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत रिंगरोड की है। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी वाहन और चालक की तलाश में जुटी हुई है।

अब तक नहीं हो पाई मृतक की पहचान

पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 60 से 65 वर्ष के बीच है। बुजुर्ग के पास से कोई पहचान पत्र नहीं मिला, जिससे उनकी शिनाख्त में परेशानी आ रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पहचान के प्रयास जारी हैं।

रिंगरोड पर फिर उठा सवाल

इस हादसे ने एक बार फिर रिंगरोड पर बेलगाम रफ्तार और सड़क सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर स्पीड कंट्रोल और पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की है।