फ्लैट के भीतर सन्नाटा, फंदे पर लटका मिला कारोबारी… रायपुर में संदिग्ध हालात में मौत से हड़कंप

रायपुर: राजधानी रायपुर में उस वक्त सनसनी फैल गई जब न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के एक फ्लैट में कारोबारी की लाश फांसी के फंदे पर लटकी मिली। मृतक की पहचान एडवर्टाइजमेंट एजेंसी के मालिक विश्वरंजन पुरोहित के रूप में हुई है। बंद फ्लैट के अंदर हुई इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विश्वरंजन पुरोहित कारोबार में हुए नुकसान के चलते मानसिक तनाव में थे, हालांकि आत्महत्या की ठोस वजह अभी तक साफ नहीं हो सकी है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी।

फ्लैट में उठाया खौफनाक कदम

बताया जा रहा है कि विश्वरंजन अपने परिवार के साथ इसी फ्लैट में रहते थे। अचानक हुई इस घटना से परिवार सदमे में है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है

न सुसाइड नोट मिला, न वजह साफ

अब तक कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे मामले की गुत्थी और उलझ गई है। पुलिस परिजनों और करीबी लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आखिर कारोबारी ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया।

पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी

न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस का कहना है कि मामला संवेदनशील है और हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।