डायल 112 पर लगा दाग! चालक समेत दोस्तों पर गैंगरेप का आरोप, पुलिस महकमे में मचा भूचाल

कोरबा: जिले से एक दिल दहला देने वाला और पुलिस महकमे को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। जनता की सुरक्षा के लिए बनी डायल 112 सेवा में तैनात एक चालक पर अपने दोस्तों के साथ मिलकर एक युवती के साथ गैंगरेप करने का गंभीर आरोप लगा है। इस सनसनीखेज खुलासे के बाद पूरे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। आरोप है कि डायल 112 वाहन का चालक अपने चार अन्य साथियों के साथ मिलकर युवती को किसी बहाने से एसईसीएल के एक मकान में ले गया। वहां सभी आरोपियों ने बारी-बारी से युवती के साथ दुष्कर्म किया। इस जघन्य वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

पीड़िता किसी तरह बचकर पहुंची घर

घटना के बाद पीड़िता किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर अपने घर पहुंची और पूरी घटना अपने परिजनों को बताई। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जैसे ही यह सामने आया कि आरोपियों में डायल 112 का चालक भी शामिल है, पुलिस अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई।

मेडिकल जांच, FIR की तैयारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़िता को तुरंत मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका चिकित्सकीय परीक्षण किया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, सिविल लाइन थाना में अपराध दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।

2 आरोपी हिरासत में, 3 की तलाश

प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जबकि गैंगरेप में शामिल तीन अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

पुलिस की साख पर सवाल

डायल 112 जैसी आपातकालीन सेवा से जुड़े कर्मचारी की संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस विभाग की छवि पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है और यदि आरोप सही पाए गए तो सभी आरोपियों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।