दुर्ग: दुर्ग के छावनी थाना क्षेत्र में मामूली विवाद ने खतरनाक रूप ले लिया, जिसमें कैंसर मरीज विक्रम राय (66) की बेरहमी से पिटाई कर दी गई, जिससे उनकी मौत हो गई। वहीं, उनके साथी सुनील राय भी गंभीर रूप से घायल हुए।
जानकारी के अनुसार, दोनों बुजुर्ग लिंक रोड कैंप-2 से गुजर रहे थे, तभी उनके समानांतर एक युवक तेज गति से बाइक चला रहा था। सड़क पर अन्य वाहनों की परेशानी देख विक्रम राय ने युवक को सही तरीके से बाइक चलाने की समझाइश दी, लेकिन युवक को यह बात नागवार लगी और वह गुस्से में आ गया।
आरोप है कि युवक ने विक्रम राय की बाइक रोककर उनसे विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते उसने हाथ-मुक्कों से बुजुर्ग पर हमला किया, और बीच-बचाव करने आए सुनील राय को भी नहीं छोड़ा, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। इस दौरान आरोपी ने अपने कुछ दोस्तों को भी बुला लिया, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।
स्थानीय लोगों की सूचना पर छावनी पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार था। पुलिस ने सघन तलाश अभियान चलाकर मुख्य आरोपी सुकांत उर्फ़ चिरागन सोनकर (19) को हिरासत में ले लिया।
